नई दिल्ली : उच्चतम न्यायालय में चल रहे कुछ महत्वपूर्ण मामलों को लेकर किसी महिला द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की आवाज बनाकर एटार्नी जनरल जी ई वाहनवती को फोन करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. केन्द्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिन्दे ने आज यहां संवाददाताओं को बताया कि दिल्ली पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और आरंभिक जांच शुरू कर दी है. उसके बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.
शिन्दे से सवाल किया गया था कि क्या पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की है? इस बीच दिल्ली पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि उसे वाहनवती से शिकायत मिली है. प्रारंभिक जांच की जा रही है. बताया जाता है कि कथित तौर पर फर्जी काल कर धोखाधडी करने वाली महिला किसी सार्वजनिक उपक्रम में अधिकारी है. दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता से किसी महिला के सोनिया की आवाज की नकल बनाकर वाहनवती से बात करने संबंधी मीडिया की खबरों के बारे में पूछा गया था.
मीडिया की खबरों के मुताबिक कथित फोन करने वाले ने खुद को सोनिया बताया और वाहनवती से कहा कि वह न्यूयार्क से बोल रही है. वस्तुत: सोनिया उस समय चिकित्सकीय जांच के लिए न्यूयार्क में ही थीं. वह दो सितंबर को रवाना हुई थीं और 11 सितंबर को लौट आयी थीं. (एजेंसी)





