देवरिया। कांग्रेस पार्टी दिल्ली लूट रही हैं और मायावती उत्तर प्रदेश लूट रही है, और यह सब हो रहा है आप मतदाता लोगों की वजह से। आप लोगों ने ऐसी ही सरकार चुनी है जो हर जगह लूट खसोट कर रही है। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी का। वे मंगलवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही के पथरदेवा विधान सभा में देसही देवरिया स्थित पकड़ी वीरभद्र इण्टर कालेज के मैदान एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब तक देश में जातिवादी व्यवस्था रहेगी तब तक न तो देश से गरीबी समाप्त होगी और न ही देश का विकास होगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत एक गौरवशाली राष्ट्र है लेकिन भारत के प्रधानमंत्री अत्यन्त कमजोर है। उनको कुछ पता ही नहीं रहता है और दिन पर दिन देश कमजोर होता जा रहा है। भारत देश सुखी होने का सपना देख रहा है लेकिन वास्तविकता यह है कि देश की जनता बहुत ही गरीब है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए भाजपा को चुनना जरूरी है। इस अवसर पर भाजपा की उत्तर प्रदेश प्रभारी उमा भारती ने कहा कि पथरदेवा में पत्थर के लोगों से अपील करती हूं कि वे गरीब और गाय के लिए भाजपा को वोट दें।
देवरिया से ओपी श्रीवास्तव की रिपोर्ट.






