नई दिल्ली : दिल्ली में एक बड़ी आतंकी साजिश नाकाम हो गई है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने शुक्रवार सुबह जामा मस्जिद इलाके में एक गेस्ट हाऊस पर छापा मारकर भारी तादाद में विस्फोटक एवं हथियार बरामद किए हैं। छापेमारी की कार्रवाई के बाद पुलिस ने गेस्ट हाऊस को सील कर दिया है और दो संदिग्ध आतंकियों को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस पर बड़े हमले की साजिश थी, जिसे नाकाम कर दिया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एक हिज्बुल आतंकी के निशानदेही पर इस छापेमारी को अंजाम दिया गया। जामा मस्जिद इलाके में स्थित गेस्ट हाऊस के बारे में आतंकी लियाकत अली शाह ने पुलिस को जानकारी दी थी। आतंकी लियाकत अली शाह को दो दिन पहले गोरखपुर से गिरफ्तार किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, गेस्ट हाऊस से पकड़े गए दोनों संदिग्ध आतंकी कश्मीरी हैं। ये दोनों पीओके से नेपाल के रास्ते दिल्ली पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि हमले को लेकर दिल्ली पुलिस के पास पहले से अलर्ट था। श्रीनगर में बीते दिनों सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले की तर्ज पर यहां हमले की साजिश रची गई थी। स्पेशल सेल अभी मामले की आगे की जांच में जुटी है। (जी)






