नई दिल्ली : मानसरोवर पार्क इलाके में घरेलू कलह में मीडियाकर्मी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। घटनास्थल से पुलिस को मिले सात पेज के सुसाइड नोट में उसने अपनी पत्नी को प्यार, माता-पिता से माफी मांगते हुए अपनी घरेलू कलह को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने शव का जीटीबी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार लोकेश (27) पत्नी शीतल व आठ माह के बच्चे के साथ न्यू मॉडर्न शाहदरा गली नंबर 13 में रहते थे। वह नोएडा स्थित एक न्यूज चैनल में काम करते थे। सोमवार रात उन्होंने अपने घर की तीसरी मंजिल पर पंखे के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से सात पेज का सुसाइड नोट मिला है। पुलिस के अनुसार स्यूसाइड नोट में उसने अपनी पत्नी को प्यार, माता-पिता से माफी मांगते हुए बच्चे की सही से परवरिश करने की गुहार लगाई है। नोट में उसने पत्नी व अपने सुसराल पक्ष के साथ अपने बिगड़े रिश्तों की चर्चा करते हुए घरेलू कलह में खुदकुशी करने की बात लिखी है। पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन की जा रही है। (पंके)






