बुलंदशहर से खबर है कि दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर गौरव दीक्षित के खिलाफ कोतवाली नगर तथा कोतवाली देहात में रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया गया है. हालांकि गौरव का कहना है कि उनको पुलिस के कमियां के बारे में लिखने की कीमत चुकानी पड़ रही है. यह मामला एक होटल मालिक की शिकायत पर दर्ज हुआ है.
जानकारी के अनुसार होटल मालिक और अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि बुलन्दशहर में चल रहे सेक्स रैकेट अभियान में जब उनके होटल से पुलिस को कुछ नहीं मिला तो गौरव दीक्षित ने उनसे संपर्क करके धमकाया कि तुम्हारे होटल में वैश्यावृति हो रही है. अगर अपने आप को बचाना चाहते हो तो पचास हजार रुपये लेकर मेरे पास आ जाओ, वर्ना कल के पेपर में तुम्हारी इज्जत नीलाम कर दी जाएगी. जब अधिवक्ता ने पैसा देने से मना किया तो गौरव खबर छापने की धमकी दी.
आरोप के अनुसार दैनिक जागरण में इस अधिवक्ता के होटल के खिलाफ खबर प्रकाशित हुई. खबर पढ़ने के बाद वकील साहब के होश उड़ गये, वो तुरन्त दैनिक जागरण लेकर बार कॉउसिल पहुंचे और वकीलों को सारी बात बताई करीब 200 वकील इस बात की शिकायत लेकर एसएसपी बुलन्दशहर गुलाब सिंह के पास पहुंचे और गौरव दीक्षित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. खबर है कि एसएसपी ने मोबाईल के सीडीआर में गौरव के नम्बर की जांच की और आरोप सही पाया गया. एसएसपी ने गौरव दीक्षित के ऊपर 384 और 420 का मुकद्दमा दर्ज करवा दिया है.
जब इस पूरे मामले में गौरव दीक्षित से बात की गई तो उन्होंने साफ कहा कि पुलिस की कमियों को उजागर करने के लिए उन्हें शिकार बनाया जा रहा है. जिस फोन कॉल के आधार पर उन्हें शिकार बनाया जा रहा है, वो उन्होंने होटल मालिक का वर्जन लेने के लिए किया था. परन्तु पुलिस ने इसी को आधार बनाकर उनके खिलाफ रंगदारी समेत कई धाराओं में मामला दर्ज की है.






