चंडीगढ़ से एक खबर है कि दैनिक जागरण की पानीपत यूनिट में तैनात एक असिस्टेंट मार्केटिंग मैनेजर (एएमएम) ने अपने ही सीनियर मार्केटिंग मैनेजर पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. एएमएम का नाम है राकेश लांबा और एसएमएम का नाम संतोष त्रिपाठी है. सूत्रों का कहना है कि एएमएम राकेश लांबा ने प्रबंधन को इस बारे में लिखित शिकायत की है. इस प्रकरण की दैनिक जागरण में नोएडा, चंडीगढ़ से लेकर कानपुर तक में चर्चा है.
सूत्रों के मुताबिक दैनिक जागरण, हरियाणा में इन दिनों विज्ञापन के नाम पर खुलकर लूट का धंधा चल रहा है. जब उपर से जांच के आदेश दिए गए तो पूरी कूटनीति सामने आई. असली आरोपी को माफी दे दी गई और वर्षों से यूनिट में सेवा दे रहे एक एएमएम सतीश शर्मा से इस्तीफा ले लिया गया. बताया जाता है कि इस मामले में मार्केटिंग विभाग के शीर्ष से लेकर निचले स्तर तक के कई लोगों की भूमिका संदिग्ध है. हरियाणा रीजनल मैनेजर से लेकर सभी अपनी अपनी भूमिका के बचाव में उतर चुके हैं.
बताया जाता है कि सीनियर मार्केटिंग मैनेजर संतोष त्रिपाठी एक दिन राकेश लांबा को मीटिंग के बहाने एक माल ले गए और वहां अपरिचित लोगों के जरिए धमकी दिलवाया. घबराए राकेश लांबा ने जान माल के नुकसान की आशंका जताते हुए अपने वरिष्ठों को पत्र लिखा. यह पता नहीं चल पाया है कि इस प्रकरण में क्या हुआ लेकिन आपसी लड़ाई की इस घटना की दूसरे यूनिटों में खूब चर्चा है.






