बठिंडा : दैनिक जागरण, बठिंडा कार्यालय में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर सेवाएं दे रहे मनीष शर्मा ने दैनिक जागरण प्रबंधन को अपना इस्तीफा भेज दिया है। मनीष पंजाब में जल्द लांच होने जा रहे ''पंजाब की शक्ति'' के बठिंडा से ब्यूरो चीफ होंगे जबकि इससे पहले दैनिक भास्कर मोगा से चीफ सब के पद से इस्तीफा देने वाले हरिदत्त जोशी पंजाब की शक्ति के मालवा चीफ के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। मनीष शर्मा की अब तक की पारी की बात करें तो उन्होंने इससे पहले पंजाब केसरी, अमर उजाला व दैनिक भास्कर में बखूबी सेवाएं दी हैं।
दैनिक भास्कर में सिटी इंचार्ज नरिंदर शर्मा का व्यवहार उनके साथ ठीक न होने के चलते उन्होंने एक साल पहले भास्कर को अलविदा कह दैनिक जागरण से अपनी पारी शुरू की थी। दैनिक जागरण बठिंडा में मनीष शर्मा बतौर सेकंड इंचार्ज के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। ब्यूरो चीफ अरविंद श्रीवास्तव के बाद सारा कार्यभार मनीष शर्मा के हाथ में ही होता था लेकिन शर्मा के जागरण को अलविदा कहने के बाद अब जागरण के नए रिपोर्टर ढूंढने के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। मनीष शर्मा काफी समय से ब्यूरो चीफ की कुर्सी में बैठना चाहते थे क्योंकि उनका मानना है कि उनमें वह सब कुछ है जो एक ब्यूरो चीफ में होता है। गौरतलब है कि बठिंडा में रिपोर्टरों का इस कदर अकाल पड़ा है कि किसी भी समाचार पत्र को ढूंढने से भी पत्रकार नहीं मिल रहे हैं। पंजाब की शक्ति के मालवा चीफ हरिदत्त जोशी आने वाले दिनों में भास्कर के किले में भी सेध लगा सकते हैं।
भड़ास तक अपनी बातें, जानकारियां, सूचनाएं [email protected] के जरिए पहुंचा सकते हैं.





