यूपी के सुल्तानपुर जिले में भी दैनिक प्रभात अखबार का आफिस खुल गया है. कार्यालय के उदघाटन के मौके पर एक परिचर्चा का भी आयोजन किया गया. दैनिक प्रभात के महाप्रबन्धक अवनेन्द्र ठाकुर कार्यालय उदघाटन के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थे. उन्होंने कहा कि पीत पत्रकारिता ने पत्रकारों के विश्वसनीयता के ऊपर प्रश्न चिन्ह खड़ा कर दिया है. विश्वसनीयता पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी है.
रविवार को स्थानीय प्रेस क्लब हाल में दैनिक प्रभात के महाप्रबन्धक अवनेन्द्र ठाकुर, लखनऊ के स्थानीय संपादक तारकेश्वर मिश्र, दैनिक प्रभात के राष्ट्रीय पत्रकार विमलेश, अखबार के मार्केटिंग हेड अश्वनी श्रीवास्तव ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यापर्ण एवं पूजा अर्चना कर सुलतानपुर कार्यालय का शुभाराम्भ किया. स्थानीय संपादक तारकेश्वर मिश्र ने दैनिक प्रभात के 68 वर्षों का इतिहास विस्तृत रूप से बताते हुए कहा कि हम खबरों से कोई समझौता नहीं करते हैं और न किसी भी जोर दबाव को महसूस करते हैं. खबरें तथ्यात्मक होनी चाहिए.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दैनिक प्रभात के महाप्रबन्धक अवनेन्द्र ठाकुर ने कहा कि विश्वसनीयता पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी है.
पत्रकारिता आसान कार्य नहीं है. यह एक चुनौती है. हम पत्रकारों को आज के समय में अपनी शुचिता को बनाये रखने के लिए खबरों को सही ढंग से तथ्यपरक प्रकाशित करना होगा. पत्रकारिता में पीत पत्रकारिता का कोई स्थान नहीं होता है. पीत पत्रकारिता ने ही हम पत्रकारों की विश्वसनीयता पर प्रश्न खड़ा कर दिया है. यद्यपि आज अखबारों का स्थानीयकरण एवं व्यवसायीकरण हो गया है. फिर भी हमको समाज एवं राष्ट्रहित में प्रकाशन करना है.
खबरें रचनात्मक तथ्यपरक होनी चाहिए जिससे समाज की कुरीतियों को दूर करने में मदद मिल सके. समारोह को वरिष्ठ पत्रकार राजखन्ना, विजय विद्रोही, जीतेन्द्र श्रीवास्तव आदि ने भी सम्बोधित किया. दैनिक प्रभात की टीम ने आये हुए अतिथियों का माल्यापर्ण कर स्वागत किया. समारोह का संचालन दैनिक प्रभात के जिला संवाददाता संजय वर्मा ने किया. संजय वर्मा ने आये हुए अतिथियों के प्रति अभार प्रकट करते हुए आशीर्वाद एवं सहयोग की अपेक्षा की.






