धोबिया नृत्य के नामचीन कलाकार बाबूनंदन राम का सोमवार को उनके पैतृक आवास मरदह (जिला गाजीपुर, यूपी) में निधन हो गया था। मंगलवार की सुबह उनके पैतृक आवास से शवयात्रा निकाली गई। विभिन्न मार्गों से होते हुए यात्रा बस स्टैंड तक गई। जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। शवयात्रा के स्थानीय श्मशान घाट पर पहुंचने पर उनके इकलौते पुत्र परमानंद ने उन्हें मुखाग्नि दी।
इस मौके पर मौजूद लोगों और उनकी टीम के कलाकारों ने उन्हें अश्रुपूरित आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इस मौके पर किसी जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक शख्सियत की मौजूदगी न होना क्षेत्रीय लोगों को काफी खली। देश-विदेश में अपने फन का जादू बिखेरने वाले इस महान कलाकार के अंतिम संस्कार में इन लोगों का उपस्थित न होने का गांव एवं क्षेत्र के लोगों में मलाल दिखा।






