नईदुनिया, ग्वालियर से खबर है कि यहां से तीन लोगों ने इस्तीफा का नोटिस दे दिया है. वे लोग लीव पर चल रहे हैं. नईदुनिया प्रबंधन जिस तरह से अस्पष्ट नीति के साथ अपने कर्मचारियों से व्यवहार कर रहा है उससे इस अखबार के सभी यूनिटों में नाराजगी है. दिल्ली में दस लोगों की छंटनी करने के बाद अखबार ग्वालियर से भी तीन लोगों का पत्ता साफ कर दिया है. हालांकि कहा जा रहा है कि तीनों लोगों ने प्रबंधन के चिरकुटई वाले रवैये के चलते खुद इस्तीफा दे दिया है.
ग्वालियर से जिन लोगों ने इस्तीफा दिया है, उसमें चंद्रवेश पांडेय, अर्पण राउत और गोपाल त्यागी शामिल हैं. पिछले दिनों ही चंद्रवेश पांडेय को सेंट्रल डेस्क का इंचार्ज बनाया गया था. अर्पण को क्राइम से हटाकर पेज सेटिंग की जिम्मेदारी एवं गोपाल को डेस्क की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. प्रबंधन ने ऐसा जानबूझकर किया था ताकि ये लोग परेशान हों, पर इन लोगों ने परेशान होने की बजाय इस्तीफा दे दिया. हालांकि दूसरी तरह यह भी कहा जा रहा है कि प्रबंधन ने इन लोगों से इस्तीफा मांग लिया था. बताया जा रहा है संपादक के पर कतरने की भी तैयारी प्रबंधन कर रहा है. अगले कुछ दिनों में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं.






