नईदुनिया के स्थानीय संपादक जयदीप कार्णिक को नए जागरण प्रबंधन ने बाहर कर दिया है. जयदीप और नईदुनिया के प्रशासनिक अधिकारी कप्तान मिश्रा को विदा कर दिया गया. जयदीप कार्णिक जागरण प्रबंधन की आंखों मे शुरू से ही खटक रहे थे. जयदीप नईदुनिया में अभय छजलानी के पीए बनकर आए थे और बाद में विनय छजलानी के वेबदुनिया में संपादक बन गये. बाद में उन्हें नईदुनिया में स्थानीय संपादक बना दिया गया. अब जबकि नईदुनिया की मिल्कियत जागरण ने संभाल ली है, तो उन्होंने जयदीप को 4 महीने बाद बाहर कर दिया. संभव है जयदीप फिर से वेबदुनिया में चले जायेंगे.
उधर, इंदौर के नए अखबार 'दबंग दुनिया' से लोगों का आना जाना जारी है. ताजा सूचना के मुताबिक अखबार के वाइस प्रेसिडेंट महेंद्र सिंह खींची संस्थान से कार्यमुक्त हो गए हैं. उनके साथ सहयोगी गिरीश कानूनगो और प्रशांत शुक्ला को भी बाहर किया गया है. बताते हैं कि दो महीने पहले खींची ने दबंग दुनिया के लिए 'मध्यप्रदेश : एक झलक' नाम से एक पत्रिका निकाली थी. इसमें करीब १६ लाख के विज्ञापन थे. पत्रिका के प्रकाशन के बाद से ही ये चर्चा थी कि इन विज्ञापनों का भुगतान मुश्किल है. भारी दबाव के बाद भी जब दो महीने में भी इनका भुगतान नहीं हुआ तो महेंद्रसिंह खींची को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.
अगर उपरोक्त जानकारियों-सूचनाओं में कोई कमी बेसी नजर आए तो भड़ास को [email protected] पर मेल भेजकर सतर्क कर सकते हैं.





