कुमार निशांत ने नक्षत्र न्यूज़ से अपना इस्तीफ़ा दे दिया है. कुमार नक्षत्र न्यूज़ में सीनियर प्रोड्यूसर और एंकर के पद पर कार्यरत थे. नक्षत्र न्यूज़ को ऑन एयर हुए अभी छः महीने भी पूरे नहीं हुए कि लोगों ने छोड़ना शुरू कर दिया है. कुमार ने करियर की शुरुआत देश लाईव चैनल से की. कुमार ने नक्षत्र न्यूज़ को अपना इस्तीफ़ा दो महीने से तनख्वाह ना मिलने की वजह से दिया.
चैनल के सीएमडी संजय सिन्हा ने कई बार कुमार से बात करनी चाही लेकिन कुमार फिर से नक्षत्र में वापसी के लिए तैयार नहीं हुए. कुमार नक्षत्र के तीन कार्यक्रमों आई कैंडी, बौलीवुड कैफे और वेकअप इंडिया के प्रोड्यूसर और एंकर थे. कुमार फिर से एफ़एम रेडियो जगत में वापसी करने का मन बना रहे हैं. नक्षत्र चैनल में कुमार निशांत सहित पंकज प्रसून जैसे अनुभवी और नेशनल चैनलों में अपनी सेवा दे चुके कर्मचारियों के चैनल छोड़ देने से चैनल की छवि और भी खराब होती दिख रही है.
दैनिक हिंदुस्तान, लखीमपुर से ब्यूरो इंचार्ज धर्मेश शुक्ला ने इस्तीफा दे दिया है. वे अपनी नई पारी की शुरुआत दैनिक जागरण के साथ कर रहे हैं. सिटी में सीनियर रिपोर्ट सादिक अली के बारे में भी खबर है कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है. एक अन्य जानकारी के मुताबिक हिंदुस्तान, बरेली में सिटी डेस्क से बृजेंद्र निर्मल को हटा दिया गया है. डेस्क की जिम्मेदारी चीफ सब एडिटर सुनील मिश्रा को दी गई है. बरेली में हिंदुस्तान के नए संपादक कुमार अभिमन्यु ने ये बदलाव किए हैं. कुमार अभिमन्यू ने कई लोगों को सुधर जाने की चेतावनी दी है.





