लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कुंडा में तिहरे हत्याकांड की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पुलिस उपाधीक्षक जिया उल हक की हत्या में शामिल होने के आरोप में शनिवार को बबलू यादव को गिरफ्तार किया। बबलू मृत ग्राम प्रधान नन्हें यादव का बेटा है। पुलिस उपाधीक्षक की हत्या के संबंध में सीबीआई की तरफ से की गई यह पहली गिरफ्तारी है। सीबीआई सूत्रों का कहना है कि अरेस्ट बबलू (20 वर्ष) की निशानदेही पर जिया उल हक का लापता मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है।
सीबीआई सूत्रों का कहना है कि डीएसपी की हत्या बबलू ने की थी। बबलू की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई तिहरे हत्याकांड का खुलासा करने के एकदम करीब पहुंच गई है। सीबीआई बबलू को जिया उल हक की हत्या का मुख्य आरोपी मान रही है। हालांकि डीएसपी हत्याकांड में राजा भैया की संलिप्ता को लेकर अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं है। सीबीआई अधिकारी इस बारे में मुंह खोलने को तैयार नहीं हैं। राजा भैया का नाम अब तक भले ही डीएसपी हत्याकांड में न आया हो, लेकिन वो अभी भी सीबीआई की राडार से बाहर नहीं हुए हैं।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक अपने पिता नन्हें यादव की हत्या से नाराज बबलू ने कुंडा सीओ के पद पर तैनात रहे जिया उल हक की गोली मारकर हत्या कर दी। बबलू घटना के बाद से फरार चल रहा था। सीबीआई अब तक पूरे मामले में कुल तीन गिरफ्तारियां कर चुकी है। पिछले सप्ताह सीबीआई ने प्रधान नन्हें यादव की हत्या के संबंध में उसके विरोधी कामता पाल के दो बेटों अजय और विजय को गिरफ्तार किया था। उल्लेखीनय है कि कुंडा क्षेत्र के वलीपुर गांव में विगत दो मार्च को ग्राम प्रधान नन्हें यादव की हत्या के बाद हुई हिंसा में उसके भाई सुरेश यादव और डीएसपी जिया उल हक की हत्या कर दी गई थी।





