: बोले- जातिविहीन समाज के बिना पूर्ण स्वराज नहीं : प्रभात परिवार ने मनाया नववर्ष मिलन समारोह : नोएडा । जब तक जातिविहीन समाज की स्थापना नहीं होगी तब तक पूर्ण स्वराज संभव नहीं है। जातिवाद, क्षेत्रवाद, नस्लवाद तथा भाई-भतीजावाद जैसे ‘वादों’ का हम तिरस्कार नहीं करेंगे तब तक परिवार, समाज तथा राष्ट्र का अपेक्षित विकास नहीं कर सकते हैं। यह बात कही सुभारती मीडिया लिमिटेड के प्रबंध संपादक डॉ. अतुल कृष्ण ने। वे दैनिक प्रभात के गाजियाबाद संस्करण के नोएडा कार्यालय में नववर्ष मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
डॉ. अतुल कृष्ण ने कहा कि मीडिया को मर्यादा में रहकर पत्रकारिता करनी चाहिए। वहीं पीत पत्रकारिता से परहेज करना चाहिए। तभी हम गणतंत्र के चतुर्थ स्तम्भ की पूर्ण मर्यादा कायम रख सकते हैं। अपने संबोधन में उन्होंने समाज में आदर्श रखने वाली घटनाओं तथा सकारात्मक खबरों को भी प्रमुखता से स्थान देने का सुझाव दिया।
दैनिक प्रभात के महाप्रबंधक अवनीन्द्र ठाकुर ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुडग़ांव एवं फरीदाबाद ब्यूरो कार्यालय का परिचय देते हुए सभी कर्मठ कर्मचारियों की खूबी गिनाईं। उन्होंने उक्त कार्यालयों की टीम द्वारा हर दिशा में किए गए सराहनीय प्रयासों की भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इसी कर्मठ टीम के बदौलत हम प्रभात को अपेक्षित ऊंचाई प्रदान करने में कामयाब होंगे।
गाजियाबाद संस्करण के संपादक अशोक निर्वाण ने कहा कि अपनी समर्पित टीम के जरिए वे वे प्रबंधन की अपेक्षाओं पर न सिर्फ खरा उतरने का प्रयास करेंगे बल्कि उससे भी एक कदम आगे बढ़कर दैनिक प्रभात को प्रगति के अंतिम सोपान पर ले जाएंगे। इसके पूर्व डॉ. अतुल कृष्ण, सुभारती मीडिया के प्रशासक सुधीर पारिख, प्रसिद्ध रंगकर्मी श्रीमति साधना भटनागर ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प
अर्पण व दीप प्रज्वलित कर नववर्ष मिलन समारोह का शुभारंभ किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि डॉ.अतुल कृष्ण ने फीता काटकर विधिवत संपादकीय कार्यालय का उदघाटन भी किया।
मुख्य अतिथियों के स्वागत समारोह के बाद गीत एवं संगीत के कार्यक्रमों का भी प्रभात परिवार के सदस्यों ने भरपूर आनंद उठाया। इस अवसर पर बतौर विशिष्ट अतिथि नोएडा कार्यालय की प्रशासक कुमकुम, मुख्य मार्केटिंग मैनेजर, हरीश राठौर, राष्ट्रीय संवाददाता विमलेश, नोएडा ब्यूरो प्रमुख अरुण सिन्हा, फीचर एडीटर गरिमा राय, संपादकीय प्रभारी दिलीप कुमार झा व राकेश उपाध्याय, गाजियाबाद ब्यूरो प्रमुख अभिनव अग्रवाल, संजीव शर्मा, राजीव मिश्रा, अभिषेक सिंह, शेखर चौधरी, विनोद पांडे, छायाकार नरेश कुमार, मनीष अरोडा, गौरव, फरीदाबाद ब्यूरो प्रमुख देवेन्द्र कौशिक, ग्रेटर नोएडा ब्यूरो प्रमुख भुवनेश शर्मा, हेमेन्द्र सिंह, प्रवेश चौधरी, मो. सलीम, छायाकार हिमाद्री मुखर्जी, सचिन, कुंदन झा, प्रसार प्रभारी रामलाल, रंजीत मिश्रा समेत प्रभात परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे।





