दैनिक भास्कर में पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश का दीपक धीमान को नया हेड और लुधियाना समेत जालंधर, अमृतसर में नए संपादक की नियुक्ति के बाद अब भास्कर में पूरे नार्थ में व्यापक फेरबदल की तैयारी कर ली गयी है. इसमें न्यूज़ एडिटर से लेकर सब एडिटर तक प्रभावित होंगे. तबादलों की सूची को अंतिम रूप दिया जा चुका है. बस इन्तजार हो रहा है लुधियाना के नए संपादक शमशेर सिंह चंदेल के भोपाल से आने का.
चंदेल ने भोपाल में ही ज्वाइनिंग की औपचारिकता पूरी की है. उनके १६ मार्च से लुधियाना में बैठने की संभावना है. इसके बाद तबादलों की सूची जारी कर दी जायेगी. सूची के अनुसार लुधियाना के सिटी भास्कर के एडिटर सौरभ द्विवेदी को बठिंडा का संपादक बनाया जा रहा है. वह वहां मालवा क्षेत्र के सभी पुल आउट को देखेंगे. वहीँ बठिंडा के संपादक महेंद्र कुशवाहा को चंडीगढ़ ऑफिस से अटैच किया जा रहा है. लुधियाना में ही जनरल डेस्क प्रभारी न्यूज़ एडिटर योगेश शर्मा अब बठिंडा जायेंगे. वहां से न्यूज़ एडिटर अजय पुरुषोत्तम अब हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला कार्यालय की ज़िम्मेदारी संभालेंगे.
बठिंडा में डीएनई अनिल भारद्वाज को झारखण्ड भेजा जा रहा है. उनकी जगह लुधियाना से मनीष सिंह को बठिंडा भेजा जाएगा. पंजाब को-ऑर्डिनेटर चन्दन स्वप्निल को लुधियाना से भोपाल भेजा जा रहा है. कई सब एडिटर और सीनियर सब एडिटर को भी अलग अलग यूनिट में भेजा जाएगा. इसके पीछे वज़ह नई टीम के साथ नए तेवर से काम करना बताया जा रहा है. वही फेरबदल की सुगबुगाहट से कुछ लोगों में असंतोष भी है. बठिंडा कार्यालय के कुछ वरिष्ठों ने तो तबादले की मेल जारी होते ही बगावत करने की तैयारी भी कर ली है.






