सहारा इंडिया ने सामने आकर निंबस कम्युनिकेशंस की रणनीतिक हिस्सेदारी खरीदने की दौड़ को गरमा दिया है। निंबस दो स्पोर्टस चैनलों का परिचालन करती है। निंबस और उसके निवेश बैंकरों बार्कलेज कैपिटल और एवेंडस से जुड़े शीर्ष सूत्रों ने कहा कि सहारा इंडिया ने दिलचस्पी दिखाई है और उनकी पेशकश जल्द मिलने का अनुमान है। यह पहले बेनेट, कोलमैन ऐंड कंपनी (बीसीसीएल) द्वारा निंबस के चैनलों में दिलचस्पी दिखाए जाने की खबरों के बाद की गई है।
सहारा इंडिया के प्रवक्ता ने इस मसले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। निंबस कम्युनिकेशंस के प्रवक्ता ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार किया। निंबस का अपनी सहायक कंपनी नियो स्पोर्टस ब्रॉडकास्ट लि. के माध्यम से दो चैनलों नियो स्पोर्टस और नियो क्रिकेट पर नियंत्रण है। जहां निंबस इस इकाई की प्रमुख शेयरधारक है, वहीं उसमें कुछ निजी निवेशकों और वित्तीय संस्थानों की भी हिस्सेदारी है।
सहारा इंडिया ने देश की क्रिकेट और खेलों से संबंधित गतिविधियों में भारी निवेश कर रखा है। उदाहरण के लिए, वह भारतीय क्रिकेट टीम का पर्याय बन गई है क्योंकि टीम के सदस्य सहारा का लोगो इस्तेमाल करते हैं। वर्ष 2010 में समूह ने 31 दिसंबर 2013 तक के लिए भारत की पुरुष क्रिकेट टीम के प्रायोजन के अधिकार दुबारा हासिल कर लिए थे। भारती एयरटेल को पीछे छोड़ते हुए सहारा टीम इंडिया की प्रायोजक बनी हुई है। सहारा ने 1,702 करोड़ रुपये में इतने ही वर्षों के लिए इंडियन प्रीमियर लीग की पुणे टीम की फ्रैंचाइजी हासिल की है। साभार : बीएस






