नोएडा में इन दिनों मीडिया वालों के बुरे दिन चल रहे हैं. कभी कोई मीडियाकर्मी पिट रहा है तो कोई लुट रहा है तो कहीं मीडिया आफिसों से गाड़ियां चोरी चली जा रही हैं. ताजी सूचना के मुताबिक गुरुवार को नोएडा के सेक्टर-63 में एक मीडिया कंपनी के अधिकारी के साथ कार सवार तीन युवकों ने मारपीट की. आरोपियों ने पीड़ित के साथ लूटपाट का भी प्रयास किया, लेकिन मौके पर लोगों के जमा हो जाने से वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके. इस संबंध में सेक्टर-58 पुलिस स्टेशन में शिकायत की गई है.
सेक्टर-63 स्थित एक एक मीडिया हाउस में काम करने वाले मार्केटिंग डिपार्टमेंट में अधिकारी निपुण सचदेव प्रीत विहार, दिल्ली से ऑफिस आ रहे थे. फोर्टिस अस्पताल से सेक्टर-63 की तरफ जाते हुए एक चौराहे पर उनकी वैगनआर कार में टाटा ऐस सवार युवकों ने टक्कर मार दी. टक्कर का विरोध करने पर टाटा ऐस में सवार युवकों ने निपुण के साथ गालीगलौच करनी शुरू कर दी. गाली देने का विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी और उनसे लूटपाट की कोशिश की.






