यूपी के संत कबीर नगर जिले के न्यूज़ एक्सप्रेस राष्ट्रीय समाचार चैनल के जिला संवाददाता अजय कुमार श्रीवास्तव को बसपा के बाहुबली विधायक ने जान से मारने की धमकी दी है. बाहुबली विधायक का नाम है मोहम्मद ताबिश खां. ये बहुजन समाज पार्टी के विधायक हैं. अजय का कुसूर ये है कि उन्होंने तमाम दस्तावेजों-आंकड़ों-जानकारियों के आधार पर मो. ताबिश के खिलाफ एक स्टोरी की और वह स्टोरी उनके चैनल पर चल गई.

पत्रकार अजय
इस खबर से विधायक को बहुत गुस्सा आया. उन्होंने अजय को तुरंत फोन मिलाया और जान से मारने की धमकी दे डाली. जिले के सभी पत्रकारों ने विधायक की धमकी को गंभीरता से लिया. सबने मिलकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की. पत्रकार को विधायक द्वारा धमकी दिए जाने की खबर कई स्थानीय अखबारों में भी प्रकाशित हुई. जिले के पत्रकारों ने मुख्यमंत्री मायावती को पत्र लिखकर कहा है कि अगर अजय के साथ किसी तरह की कोई वारदात होती है तो उसके लिए जिम्मेदार बसपा के विधायक मो. ताबिश होंगे.

