नेशनल न्यूज चैनल न्यूज एक्सप्रेस अब अपनी सेल्स टीम को मजबूत करने में जुट गया है. खबर है कि प्रबंधन ने नेशनल सेल्स हेड के रूप में अमित त्रिपाठी को ज्वाइन कराया है. अमित इसके पहले पी7 न्यूज चैनल के साथ कार्यरत थे. अमित के अलावा तीन अन्य लोगों को भी सेल्स टीम में ज्वाइन कराया गया है. संभावना है कि कुछ और लोग चैनल के सेल्स टीम में जल्द ही जुड़ सकते हैं. माना जा रहा है कि ठीक ठाक चल रहे चैनल को अब आर्थिक मोर्चे पर भी मजबूत करने की तैयारी की जा रही है.
अमित त्रिपाठी के अलावा प्रबंधन ने हीरेन मेहता को भी चैनल से जोड़ा है. उन्हें चैनल में वेस्ट जोन का रीजनल हेड बनाया गया है तथा महाराष्ट्र और गुजरात की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इनके अलावा जतिन्दर नायर को असिस्टेंट जनरल मैनेजर सेल्स तथा चाकित निर्माण को सेल्स में असिस्टेंट मैनेजर बनाया गया है. नायर और निर्माण हीरेन मेहता को अपनी रिपोर्टिंग करेंगे. जबकि मेहता अपनी रिपोर्टिंग अमित त्रिपाठी को करेंगे. अमित त्रिपाठी की रिपोर्टिंग चैनल हेड निशांत चतुर्वेदी को होगी.
अमित त्रिपाठी ने अपने करियर की शुरुआत 1998 में पंजाबी चैनल लश्कारा से की थी. इसके बाद वे सहारा समय, न्यूज24, वॉयस ऑफ इंडिया, सीएनईबी तथा रेडियो सिटी के साथ भी काम कर चुके हैं. फिलहाल वे पी7 न्यूज के साथ जुड़े हुए थे. वहीं हीरेन पिछले 12 सालों से सेल्स के फील्ड में सक्रिय हैं.





