लंदन। ब्रिटेन के बहुचर्चित फोन हैकिंग मामले में पुलिस ने मंगलवार को समाचार पत्र 'न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' की पूर्व संपादक रेबेका ब्रूक्स और रेस के घोड़ों के प्रशिक्षक और उनके करोड़पति पति चार्ली समेत छह लोगों लोगों को गिरफ्तार किया। ब्रूक्स मीडिया मुगल रुपर्ट मर्डोक की करीबी मानी जाती हैं।
फोन हैकिंग और भ्रष्टाचार के मामले में 43 वर्षीया ब्रूक्स से पिछले साल गर्मियों में पूछताछ की गई थी और उसके बाद से वह जमानत पर चल रही थीं। पुलिस ने बू्रक्स और उनके पति को चिपिंग नॉर्टन स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि इन लोगों को सुबह पांच और सात बजे के बीच लंदन, ऑक्सफोर्डशायर और हैंपशायर से गिरफ्तार किया गया है।
अवैध रूप से लोगों के फोन हैक करने और खबरें प्रकाशित करने के मामले की अदालत में सुनवाई चल रही है। पुलिस को संदेह था कि ये लोग न्याय प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं। इस मामले में अब तक 23 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 'न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' के सहायक संपादक इयान एडमंडसन, चीफ रिपोर्टर नेविली थर्लबेक और स्टूअर्ट कटनर भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि फोन हैकिंग प्रकरण सामने आने के बाद मर्डोक ने 168 साल पुराने साप्ताहिक न्यूज ऑफ द वर्ल्ड को बंद कर दिया था। (एजेंसी)






