लंदन। ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरून के पूर्व मीडिया प्रमुख और न्यूज ऑफ द वर्ल्ड के पूर्व संपादक रह चुके एंडी कुलसन ने फोन टैपिंग के संबंध में लगाए गए सभी आरोपों से इनकार किया। एंडी पर आरोप है कि 2003 से 2007 के बीच जब वह न्यूज ऑफ द वर्ल्ड के संपादक थे उस दौरान उनके पत्र के संवाददाता फोन टैपिंग करते थे।
साल 2011 में जब यह मामला खुला तो उन्हें प्रधानमंत्री के मीडिया प्रमुख के पद से इस्तीफा देना पड़ा था। खचाखच भरे साउथवार्क क्राउन कोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान अपनी पांच मिनट की पेशी में उन्होंने सभी आरोपों से इनकार किया।
उनसे पहले न्यूज ऑफ द वर्ल्ड और द सन की पूर्व संपादक रेबेका भी अपनी पेशी में इन आरोपों से इनकार कर चुकी हैं। रेबेका पर आरोप है कि वह दो प्रमुख समाचार पत्रों के संपादक पद पर रहने के दौरान आपराधिक गतिविधियों में शामिल थीं। उन पर कानून को झांसा देने के दो मामले और फोन टैपिंग का आरोप है। रेबेका ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन की खास मित्रों में शामिल है। (एजेंसी)






