न्यूज नेशन चैनल के रिपोर्टर सोनू कन्नौजिया और फोटोग्राफर इमरान को आज मुंबई मे बुरी तरहसे पीटा गया। दो दिन पहले ठाणे के शिलफाटा में इमारत गिरने से 72 लोगों की मौत हो गयी है। इस हादसे के लिए जिम्मेवार समझकर मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कॉर्पोरेशन के डिप्टी कमिशनर दीपक चव्हाण को सस्पेंड किया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की, साथ ही जांच के भी आदेश दिए।
आज यानी शनिवार की सुबह साढ़े ग्यारह बजे इमारत दुर्घटना का कारण जानने के लिए न्यूज नेशन के रिपोर्टर आौर फोटोग्राफर सस्पेंड चव्हाण के घर पहुंचे और कैमरे के सामने बिल्डिंग दुर्घटना का कारण बताने की अपील की। परन्तु चव्हाण ने कहा कि मुझे कुछ नहीं कहना, मैं बाहर जा रहा हूं। ऐसा कहकर उन्होंने ने पत्रकार को टालने की कोशिश की। लेकिन सोनू ने कहा कि आपको जो भी कहना या नहीं कहना है आप कैमरे के सामने कह दें।
इस रिक्वेस्ट पर दीपक आग बबूला हो गए और हाथापाई पर उतर आए। इतना ही नहीं दीपक ने गुस्से में रिपोर्टर का सिर पकड़कर दीवार से लड़ा दिया, जिससे सोनू बुरी तरह से घायल हो गए। इमरान का कैमरा भी रख लिया गया है। इन दोनों लोगों से मारपीट भी की गई। इन्हें बुरी तरह पीटा गया। नेशन न्यूज के सुभाष शिर्के ने इस हमले की जानकारी हमला विरोधी एक्शन कमेटी को दी। कमेटी ने इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पत्रकारों की सुरक्षा की मांग की है। पिछले पांच दिनों में महाराष्ट्र में पत्रकारों पर हमला होने की यह तीसरी वारदात है।






