न्यूज नेशन को लांच हुए अभी ठीक से एक महीना भी नहीं हुआ और इस चैनल से विदा होने वालों की लाइन लग गई है. आखिर इतने जोर-शोर और नए-नए घोषणाओं के साथ लांच हुए इस चैनल में आखिर हो क्या रहा है, यह सबके लिए अबूझ प्रश्न बना हुआ है. खबर आ रही है कि इस चैनल से इंद्रजीत राय ने भी इस्तीफा दे दिया है. वे यहां पर डिप्टी एडिटर के रूप में अपनी भूमिका निभा रहे थे. इंद्रजीत स्पेशल प्रोजेक्ट के प्रभारी थे. वे जी न्यूज से इस्तीफा देकर न्यूज नेशन पहुंचे थे.
इंद्रजीत अपनी नई पारी कहां से शुरू कर रहे हैं इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है. पर उनका जाना न्यूज नेशन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. चैनल में इंद्रजीत ने एक स्पेशल प्रोग्राम की तैयारी की थी, जिसका प्रोमो भी तैयार हो चुका था. पर माना जा रहा है कि यह यह प्रोमो और इंद्रजीत का प्रोग्राम ऑन एयर नहीं हो पाएगा. इंद्रजीत मीडिया इंडस्ट्री के जाने माने नाम हैं. मीडिया हलके में यह सवाल सभी को मथने लगा है कि आखिर शैलेश के चैनल में ऐसा क्या हो रहा है कि एक के बाद एक वरिष्ठ लोग चैनल छोड़कर जा रहे हैं.
इसके पहले चारुल मलिक, अश्वनी कुमार, संजीव सिंह, रुचि शुक्ला समेत कई लोग चैनल को अलविदा कह चुके हैं. इंद्रजीत के जाने के बाद इस चैनल के साख को बड़ा झटका लगा है. सूत्रों का कहना है कि कई कर्मचारी दूसरे चैनलों में नौकरी ढूंढने का प्रयास करते हुए भी देखे जा रहे हैं. माना जा रहा है कि पिछले दो सालों में प्रबंधन ने पानी की तरह पैसा बनाया है लेकिन उसके हिसाब से उसे आउटपुट नहीं मिल रहा है. कहा जा रहा है कि अब कई वरिष्ठों पर भी तलवार लटक रही है. मीडिया मंडी में चर्चा होने लगी है कि कहीं इस चैनल का हाल वॉयस ऑफ इंडिया जैसा ना हो जाए.






