असम के उस स्थानीय टीवी चैनल न्यूज लाइव के प्रधान संपादक ने इस्तीफ़ा दे दिया है जिसके पत्रकार ने पिछले सप्ताह गुवाहाटी में एक युवती के साथ छेड़छाड़ का वीडियो रिकॉर्ड किया था. संपादक अतनु भुइयां ने ये क़दम प्रदेश के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई के बयान के बाद उठाया है जिसमें मुख्यमंत्री ने पत्रकार की पुलिस को सूचना नहीं देने के लिए आलोचना की थी.
चैनल के संपादक अतनु भुइयां का कहना है कि सीएम गोगोई के बयान के बाद पुलिस हमारे पत्रकार को ले गई और उससे चार घंटे तक पूछताछ की गई. हमें डर है कि पुलिस की जाँच मुख्यमंत्री के बयान से प्रभावित हो सकती है. इसके बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया. अतनु का कहना है कि वे नैतिक आधार पर नहीं बल्कि अपना विरोध जताने के लिए इस्तीफ़ा दे रहे हैं और वे अपने रिपोर्टर के साथ हैं जिसने अपना काम किया. वीडियो रिकॉर्ड करनेवाले पत्रकार गौरव ज्योति नियोग का बचाव करते हुए संपादक ने कहा कि अभी तक हुई गिरफ़्तारियाँ उसकी रिकॉर्डिंग का ही परिणाम है.






