: कानाफूसी : गुटका किंग कहे जाने वाले इंदौर के व्यापारी किशोर वाधवानी के अखबार दबंग दुनिया में आजकल हलचल बहुत तेज है. आतंरिक विवादों के बीच कीर्ति राणा ने इस्तीफा दे दिया. अब खबर है कि लेआउट को लेकर भी बवाल हुआ. इस पर क्रिएटिव हेड दीपक बुड़ाना के नाराजगी की बात भी सामने आ रही है, पर उन्होंने इस तरह की किसी बात से इनकार किया है. सूत्रों का कहना है कि 17 जनवरी को प्रधान संपादक पंकज मुकाती ने अखबार का लेआउट चेंज करवा दिया. यह सारा काम क्रिएटिव हेड दीपक बुड़ाना की जानकारी के बिना किया गया, जबकि क्रिएटिव हेड होने के कारण इस तरह का कोई बदलाव उनके निर्देशन में ही होना चाहिए था.
बताया जा रहा है कि इससे नाराज दीपक ने इस्तीफा देने की पेशकश कर दी. सूत्रों का कहना है कि दीपक के इस्तीफा देने की सूचना मिलते ही प्रबधंन सक्रिय हो गया. वाधवानी ने इस बात को लेकर पंकज पर भी अपनी नाराजगी जताई. इसके बाद पुन: पुराने लेआउट में ही अखबार का प्रकाशन किया गया. हालांकि इस संदर्भ में जब भड़ास4मीडिया ने दीपक बुड़ाना से सम्पर्क किया तो उन्होंने इस तरह की किसी बात से इनकार किया. साथ ही ये भी कहा कि सारे चेंज उनकी जानकारी में हुए थे. उनके पास समय नहीं था लिहाजा उन्होंने ही कहा था कि वो बाद में आकर बाकी लेआउट चेंज करा देंगे.






