नई दिल्ली : पिछले दिनों वरिष्ठ महिला पत्रकार सलमा जैदी के घर चोरी के मामले में वसंतकुंज उत्तरी थाना पुलिस ने पड़ोसी के नौकर विष्णु को गिरफ्तार किया है। उसे घर खरीदने के लिए पैसों की जरूरत थी। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद कर लिया है। डीसीपी, दक्षिण जिला छाया शर्मा के मुताबिक सलमा जैदी वसंतकुंज उत्तरी थाना क्षेत्र में रहती हैं। बीते 14 जून को वे घर से बाहर गई थीं। शाम को जब घर पहुंची तो ताला टूटा मिला। लाखों के गहने, विदेशी मुद्रा, दो महंगे मोबाइल, डीवीडी प्लेयर, कैमरा और अन्य सामान गायब था।
सर्विलांस से पुलिस ने जाच में पाया कि उनका एक मोबाइल इन दिनों हरियाणा में चल रहा है, जिससे लगातार विष्णु नामक एक शख्स से बात हो रही थी। पुलिस ने सोमवार शाम विष्णु को दबोच लिया। वह सलमा जैदी के पड़ोस के घर में नौकर था। पूछताछ में उसने चोरी कबूल कर ली। विष्णु ने बताया कि घटना वाली शाम जब जैदी घर से बाहर निकलीं, तभी वह घर में लगे पाइप की मदद से उनके घर तक पहुंच गया और चोरी कर फरार हो गया था। बाद में सारा सामान अपने भाई मुरारी को सौंपकर खुद छिपकर रहने लगा था। पुलिस ने चोरी का सारा सामान बरामद कर मुरारी की तलाश शुरू कर दी है। साभार : जागरण





