लखनऊ स्थित आरटीआई कार्यकर्ता डॉ नूतन ठाकुर द्वारा लगभग 1000 स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को राष्ट्रीय इस्पात उपभोक्ता काउंसिल में गलत नामांकन के खिलाफ केंद्रीय सतर्कता आयोग को दी गयी शिकायत की जांच इस्पात मंत्रालय के मुख्य सतर्कता अधिकारी द्वारा की जायेगी. डॉ ठाकुर को भेजे एसएमएस में आयोग कार्यालय द्वारा बताया गया कि इस मामले में अग्रिम कार्यवाही इस्पात मंत्रालय के सतर्कता अधिकारी करेंगे.
अपनी शिकायत में उन्होंने कहा था कि मंत्रालय की नियमावली के अनुसार इस काउंसिल में लौह एवं इस्पात, गृह निर्माण और सम्बंधित उद्योगों से सदस्य बनाए जाने का नियम है पर यहाँ ऐसे तमाम सदस्यों को, जिनका इस उद्योग से दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है, केवल इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा को आगामी लोक सभा चुनावों में मदद करने के लिए नामित कर कीमती उपहार दिए गए हैं. डॉ ठाकुर ने इसे अपनी आधिकारिक शक्ति का स्पष्ट बेजा प्रयोग बताते हुए इन नामांकन तथा उपहारों के सम्बन्ध में जांच कराये जाने और गलत प्रक्रिया अथव अनियमितता पाए जाने पर नामांकन रद्द करने तथा उपहार का पैसा स्वीकृतकर्ता अधिकारी की जेब से वसूले जाने की मांग की थी.






