: सेक्स सीडी प्रकरण मामला : जोधपुर। बाड़मेर विधायक मेवाराम जैन द्वारा सीडी प्रकरण को लेकर दर्ज करवाये गये ब्लैकमेलिंग के मुकदमे को लेकर जोधपुर के पत्रकार लामबंद हो गये हैं। सीडी प्रकरण को लेकर किये गये मुकदमे में जोधपुर के पत्रकारों ने शनिवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को फैक्स भेज कर मरु लहर के सम्पादक महावीर जैन के विरुद्ध सिटी कोतवाली में विधायक द्वारा दर्ज करवाई गई झूठी एफआईआर नम्बर 255/12 की बाड़मेर के बाहर के निष्पक्ष अधिकारी या सीबीआई से जांच करवाने की मांग की हैं।
पत्रकरों ने भेजे ज्ञापन में बताया कि महावीर जैन द्वारा बाड़मेर विधायक के विरुद्ध पिछले लम्बे समय से भ्रष्टाचार एवं अन्याय के खिलाफ समाचार प्रकाशित किये जा रहे थे तथा इन्हें व्यक्तिगत पक्षकार बनाते हुए माननीय राजस्थान हाईकोर्ट में पीआईएल भी दर्ज करवा रखी है। इससे विधायक की व्यक्तिगत रुप से नाराजगी है। इसको लेकर इस प्रकरण में विधायक के हस्तक्षेप से बाड़मेर पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच असंभव है। इससे महावीर जैन को न्याय मिलने की कतई उम्मीद नही है, जो कि पूर्व मे भी इसी किस्म के 4 झूठे मुकदमे श्री महावीर जैन के विरुद्ध माह अप्रैल 2011 में उक्त विधायक अपने चहेतों के माध्यम से दर्ज करवाये थे, जिसमें जोधपुर पुलिस द्वारा की गई जांच में महावीर जैन को निर्दोष साबित किये गये।
अत: हम सभी पत्रकार निवेदन करते हैं कि महावीर जैन के न्याय के लिये उक्त प्रकरण की जांच बाड़मेर के बाहर/सीबीआई से करवाने के आदेश आज ही प्रदान करावें। भेजे गये ज्ञापन में दैनिक तरुण राजस्थान के सम्पादक रजनीश छंगाणी, दैनिक उजाला भारत के सम्पादक गौतम जैन, यूनीवार्ता के तेजसिंह, टाईम्स ऑफ इंडिया के अजय परमार, दैनिक हुक्मनामा समाचार के सैयद मनुअर अली, दैनिक मरु मंच के बंशीलाल चौधरी ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन भेज कर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से उक्त प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।