सिंगरौली/बैढ़न : पत्रकारों के उपर फर्जी पुलिसिया कार्रवाई करने तथा फर्जी मुकदमा पंजीबद्ध करने समेत ताबड़तोड़ कार्रवाई कर पत्रकारों को जेल भेजे जाने के मामले में मप्र श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला इकाई सिंगरौली ने तीव्र आलोचना की है। संघ ने पुलिसिया कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली से पत्रकारों पर लादे गए फर्जी मुकदमे वापस लेने तथा कंपनी के आरोपी सुरक्षा प्रबंधक निर्मित ठाकुर व विकास श्रीवास्तव पर कार्रवाई करने की मांग संबंधित ज्ञापन सौंपा।
एसपी ने पत्रकारों से मिलने के बाद संघ के प्रतिनिधि मंडल को टीवी 24 के देवेन्द्र पाण्डेय पत्रकार व अनिल कुशवाहा कैमरा मैन के उपर दर्ज मुकदमा वापस लेने का आश्वासन दिया। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष सुनील सिन्हा के नेतृत्व में संघ के लगभग ढाई दर्जन पत्रकारों ने टीवी 24 के पत्रकार और कैमरा मैन पर अमलोरी स्थित रिलायंस के शासन पावर लिमिटेड कोल ब्लाक अमलोरी मुहेर क्षेत्र में कथित वसूली का आरोप मढ़ दर्ज मुकदमा की भर्त्सना की। प्रतिनिधि मंडल पुलिस अधीक्षक जय देवन ए से मिला और कोतवाली पुलिस की कार्रवाई पर रोष जताया।
प्रतिनिधि मण्डल ने एसपी जयदेवन ए को सौंपे ज्ञापन में कहा कि पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई कर कम्पनी के दवाव में पत्रकारों को जेल भेज दिया। एसपी जयदेवन ए ने कहा कि हमें जो साक्ष्य मिले और हमारी जांच टीम ने जो रिपोर्ट दिया उसके तहत कार्रवाई की। हम इसे गम्भीरता से ले रहे हैं और हमारी जांच रिपेार्ट में खामी है तो हम उसे सुधारेंगे और शुक्रवार की सायं तक पत्रकार देवेन्द्र पाण्डेय, कैमरा मैन अनिल कुशवाहा के उपर लगे प्रकरण की धारा को वापस ले लेंगे। एसपी ने कहा कि कम्पनी के जिम्मेदार लोगों के उपर कार्रवाई होगी। संघ के प्रतिनिधि मण्डल ने दोषी कम्पनी प्रबंधक के उपर भी शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधि मण्डल में संभागीय उपाध्यक्ष दिनेश पाण्डेय, एनके दीक्षित, शरद ओझा, धनराज गेहानी, अमित द्विवेदी, धीरेन्द्र धर द्विवेदी, आरएन पाण्डेय, संतोष द्विवेदी, विवेक त्रिपाठी, सतीष द्विवेदी, विकास पाण्डेय, देवेन्द्र पाण्डेय, राजेश पाण्डेय, अजय द्विवेदी एवं अन्य पत्रकार शामिल रहे।







