छिबरामऊ : अपहृत पत्रकार के पुत्र की तलाश में एसओजी टीम जुट गई है। शासन के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिये पुलिस अधीक्षक ने एसओजी टीम को मास्टर माइंड अभय सिंह को गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी है। अभी तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है। सोमवार को एसओजी प्रभारी सुदीप मिश्रा की टीम सौरिख रोड स्थित पत्रकार देवेंद्र चतुर्वेदी के घर पहुंची जहां उन्होंने अपहृत पुत्र विकास चतुर्वेदी की मोबाइल काल डिटेल का अवलोकन किया। इसके अलावा उन्होंने मामले की मास्टर माइंड अभय सिंह के बारे में भी जानकारी हासिल की।
पत्रकार देवेंद्र चतुर्वेदी ने टीम को बताया कि अभय सिंह पहले भी कई बार विकास के साथ देखा जा चुका है, और उसी ने घटना को अंजाम दिया है। पहले उसके ऊपर शक किया जाता रहा, लेकिन पुष्टि तब हो गई जब उसने मोबाइल से पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी टीम को मामले के खुलासे के निर्देश दिये गये हैं। अब उसके आधार पर पुलिस अभय की तलाश में दबिश दे रही है। हालांकि, रविवार को कोतवाली पुलिस ने अभय की ससुराल ग्राम मलपुरा में दबिश देकर उसके साले और एक युवक को हिरासत में लिया था। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे रही है। दो दिन से मास्टर माइंड अभय सिंह ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया है। जिससे पुलिस को सर्विलांस के जरिये उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है। साभार : जागरण






