इंफाल : मणिपुर की राजधानी इंफाल के कांग्ला वेस्टर्न गेट इलाके में सुरक्षाकर्मियों ने अंग्रेजी अखबार के एक पत्रकार को कथित तौर पर गलती से चोर समझ लिया और उसकी पिटाई कर दी. अधिकारियों ने बताया कि इंफाल फ्री प्रेस अखबार के रिपोर्टर एरिबम धनंजय उर्फ चाओबा को कथित तौर पर इंडिया रिजर्व बटालियन के जवानों ने उस वक्त पीटा जब वह बीती रात 11:30 बजे दफ्तर से अपने घर लौट रहे थे. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, चाओबा ने सुरक्षाकर्मियों से कहा कि वह एक पत्रकार हैं पर उन्होंने उनकी एक न सुनी.
सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि चाओबा एक चोर हैं जो देर रात को घूम रहे हैं और फिर उनकी पिटाई कर दी गयी. पिटाई के बाद चाओबा को जे एन अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी. इंडियन रिजर्व बटालियन ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. बाद में पीडि़त पत्रकार ने पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज करायी है. अखिल मणिपुर श्रमजीवी पत्रकार संघ ने चाओबा पर हमले की कड़ी निंदा की है.






