भिवानी. चेतना अखबार के मालिक और वरिष्ठ पत्रकार देवब्रत वशिष्ठ को पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए भिवानी गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया है। देवब्रत वशिष्ठ को यह सम्मान हरियाणा के सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान ने पीतमपुरा स्थित दिल्ली हाट में आयोजित एक रंगारंग कार्यक्रम में दिया। इस सम्मान समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के मुख्य संसदीय सचिव अनिल भारद्वाज, शालीमार बाग से विधायक रविन्द्र बंसल, वजीरपुर से विधायक हरि शंकर गुप्ता सहित दिल्ली और भिवानी जिले की कई जानी मानी हस्तियों ने भी शिरकत की।
इस मौके पर सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान ने कहा कि दिल्ली के विकास में हरियाणा के साथ भिवानी का महत्वपूर्ण योगदान है। सांगवान और अनिल भारद्वाज ने सम्मान समारोह का आयोजन करने वाली संस्था भिवानी परिवार मैत्री संघ को अपना पूरा सहयोग देने का वादा किया। समारोह की अध्यक्षता भिवानी परिवार मैत्री संघ के संरक्षक पुष्पेंद्र गोयल ने की। पुष्पेंद्र गोयल ने बताया कि भिवानी गौरव सम्मान हर साल दिल्ली की स्वयं सेवी संस्था भिवानी परिवार मैत्री संघ की तरफ से दिए जाते हैं। उनकी संस्था समाज में उल्लेखनीय काम करने वाले लोगों को यह सम्मान देती है जिन्होंने भिवानी जिले का नाम रौशन किया हो।
ये पुरस्कार भी भिवानी जिले के प्रतिष्ठित महानुभावों के नाम पर शुरू किये गए हैं। स्वतंत्रता सेनानी पंडित नेकी राम शर्मा के नाम पर देश सेवा, चौधरी बंसी लाल लोक प्रशासन, मास्टर बनारसी दस गुप्ता पत्रकारिता, राम कृषण गुप्ता शिक्षा, लाला फ़कीर चंद समाज सेवा जैसे कुल आठ सम्मान दिए जाते हैं। सम्मान पाने वाले लोगों में भिवानी जिले के मूल निवासी लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) जेबीएस यादव, नीमडी गाँव के सरपंच शेरसिंह आर्य, राजेन्द्र स्वरूप राजन ,नरेन्द्र्जीत सिंह रावल, देवब्रत वशिस्ठ, हरिचरण पीटीआई रेड क्रॉस के सचिव श्याम सुन्दर और पं शिव नारायण शास्त्री शामिल हैं। इस मौके पर नारायणी देवी महावीर प्रसाद भग्ग्नका की स्मृति में हरियाणवी कलाकारों द्वारा रंगा रंग कार्यक्रम भी पेश किया गया।
प्रेस विज्ञप्ति





