दंतेवाड़ा। तोंगपाल निवासी एवं पत्रकार नेमीचंद जैन की हत्या की नक्सलियों ने की थी। पत्रकार की हत्या की जिम्मेदारी लेने के बाद अब नक्सलियों ने स्व. जैन के परिवार और मीडिया से माफी मांगी है। इस संदर्भ में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी [भाकपा] माओवादी दक्षिण रीजनल कमेटी के सचिव गणेश उईके ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि पत्रकार नेमीचंद पर पुलिस मुखबिरी के आरोप लगे थे। लेकिन हमारे निचले कैडर के सदस्यों ने आरोप की जांच-पड़ताल नहीं की और पार्टी नीतियों को ताक पर रखकर पत्रकार की हत्या कर दी। विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि नेमीचंद के विरुद्घ जो भी आरोप थे, उसकी जांच होनी चाहिए थी।
विज्ञप्ति के माध्यम से दक्षिण रीजनल सचिव ने वादा किया है कि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी। पार्टी नीतियों के विरुद्ध कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी करने की बात भी कही गई है।
गौरतलब है कि नेमीचंद जैन की हत्या सुकमा जिले के ग्राम लेदा में 12 फरवरी 2013 को की गई थी। इस हत्याकांड को लेकर एक-दो दिन संशय की स्थिति रही। बाद में नक्सलियों ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। इसके विरोध में बस्तर संभाग के पत्रकारों ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए धरना देकर उनसे जुड़ी खबरों का बहिष्कार करने की धमकी दी थी। धमकी के बाद नक्सलियों ने विज्ञप्ति जारी कर मीडिया से माफी मांगी है।