अमृतसर : महानगर के एक पत्रकार पर झूठा केस दर्ज करने वाले सब इंस्पेक्टर चंद्रभूषण को पुलिस कमिश्नर ने सस्पेंड कर दिया है। चंद्रभूषण थाना मोहकमपुरा का पूर्व एसएचओ है। उल्लेखनीय है कि एक हिंदी समाचार पत्र के पत्रकार सुरेश से एक ऑटो एजेंसी वाले ने मारपीट की थी। पुलिस ने ऑटो एजेंसी वाले के खिलाफ केस दर्ज करने के बजाय पत्रकार के खिलाफ ही झूठा केस दर्ज कर लिया। बाद में, पत्रकार को गिरफ्तार भी कर लिया गया। इस मामले की शहर के पत्रकारों ने कड़ी निंदा की थी।
मामले की जांच खुद पुलिस कमिश्नर आरपी मित्तल ने की। उन्होंने जांच अधिकारी एएसआई जनकराज से पूछताछ की। जनकराज ने बताया कि उसने तत्कालीन एसएचओ चंद्रभूषण के कहने पर पत्रकार पर केस दर्ज किया था। पुलिस कमिश्नर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मोहकमपुरा के पूर्व एसएचओ व सबइंस्पेक्टर चंद्रभूषण को सस्पेंड कर दिया है। पत्रकार सुरेश ने मांग की है कि उसके खिलाफ दर्ज किया गया झूठा केस रद किया जाए व मोटर एजेंसी के मालिकों पर मारपीट करने व नकदी छीनने का केस दर्ज किया जाए। (जागरण)





