उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में पेशावर के नज़दीक कुछ बंदूकधारियों ने एक पत्रकार की हत्या कर दी. मुकर्रम खान आतिफ वाइस ऑफ अमेरिका के पत्रकार थे. खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर से 35 किलोमीटर दूर शाबकदर कस्बे में मंगलवार को मुकर्रम खान के घर के पास एक मस्जिद में उन पर हमला किया गया. मोटरसाइकिल सवार बंदूकधारी शाम की नमाज के वक्त वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस ने बताया कि उनमें से एक हमलावर मोटरसाइकिल से उतरकर मस्जिद के अंदर प्रवेश किया तथा आतिफ के सिर में गोली मार दी. इसके बाद हमलावर फरार हो गए. आतिफ को गंभीर हालत में पास के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया. इस हमले में एक इमाम भी घायल हो गए हैं. प्रतिबंधित आतंकी गुट तहरीक-ए-तालिबान ने पत्रकार की हत्या की जिम्मेदारी ली है. बताया जा रहा है कि मुकर्रम को चरमपंथियों से धमकियां मिल रही थीं, जिसके चलते उन्हें अपने परिवार को मोहमंद के कबायली इलाके से हटाना पड़ा था.
तालिबान के प्रवक्ता इंशानुल्ला अहसन ने संवादताओं को बताया कि आतिफ को गोली मार दी गई क्योंकि वह तालिबान के खिलाफ रिपोर्टिंग कर रहे थे तथा रिपोर्टिंग बंद करने की चेतावनी दिए जाने के बाद भी इस पर अमल नहीं किया. आतिफ वाइस ऑफ अमेरिका के पश्तो भाषी दीवा रेडियो के लिए काम करने के अलावा दुनिया समाचार चैनल के भी संवाददाता थे. वह मोहमंद एजेंसी प्रेस क्लब के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. आतिफ की हत्या के बाद पाकिस्तानी पत्रकारों में नाराजगी है.






