नई दिल्ली। पत्रकार शिवानी भटनागर हत्या मामले में हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट से उम्र कैद की सजा पाने वाले प्रदीप शर्मा ने हाई कोर्ट से पैरोल मांगा है। दिल्ली हाई कोर्ट की न्यायमूर्ति मुक्ता गुप्ता की कोर्ट में दायर पैरोल की याचिका में प्रदीप ने कहा कि वह काफी दिनों से जेल में है। उसे अपने परिवार को पुन: व्यवस्थित करना है, लिहाजा उसे पैरोल पर रिहा किया जाए।
कोर्ट ने पुलिस से याचिका पर जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 14 मार्च को होगी। पत्रकार शिवानी भटनागर की हत्या के मामले में हरियाणा के पूर्व आइपीएस आरके शर्मा और सह आरोपी प्रदीप शर्मा को कड़कड़डूमा कोर्ट ने उम्र कैद की सजा सुनाई थी। दोनों ने निचली अदालत के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने पूर्व आइपीएस आरके शर्मा को मामले में बरी कर दिया। वहीं, प्रदीप शर्मा की उम्र कैद की सजा को बरकरार रखा। साभार : जागरण






