उदयपुर : महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन, उदयपुर के 31वें वार्षिक सम्मान समर्पण समारोह 2012 के अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्र स्तरीय अलंकरणों की घोषणा मंगलवार को की गई। सम्मान समर्पण समारोह के संयोजक डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि कर्नल जेम्स टॉड अलंकरण शोधकर्ता एवं लेखक डॉ. एंड्रयू टॉप्सफिल्ड को प्रदान किया जाएगा। इसके तहत एक लाख 11 हजार एक रुपए नकद, रजत …तोरण, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए जाएंगे।
पत्रकारिता के क्षेत्र में हरिन्दर बावेजा व गुलाब कोठारी को हल्दीघाटी अलंकरण प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर का हकीम खां सूर अलंकरण इस बार सिने जगत के युवा फिल्म अभिनेता राहुल बोस को युवा जागृति के लिए, महाराणा उदयसिंह अलंकरण प्रसिद्ध इंडियन इंस्टीट्यूट रिमोट सेंसिंग इसरो के निदेशक तथा भारत के प्रथम सैटेलाइट रिमोट सेंसिंग का उपयोग करने वाले डॉ. पार्थ सारथी रॉय को, राष्ट्रीय स्तर का पन्नाधाय अलंकरण आमटे दम्पति डॉ. प्रकाश व डॉ. मंदाकिनी को अनाथों की सेवा के लिए प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर दिए जाने वाले इन अलंकरणों के तहत प्रत्येक विभूति को 51 हजार एक रुपए नकद, रजत तोरण, शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए जाएंगे। 26 फरवरी शाम 4 बजे फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी अरविंद सिंह मेवाड़ सिटी पैलेस उदयपुर के माणक चौक में विशेष समारोह में इन विभूतियों को अलंकृत करेंगे। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रकवि बालकवि बैरागी करेंगे।






