रायगढ़। पत्रिका के ब्यूरोचीफ प्रवीण त्रिपाठी पर जानलेवा हमला करने वाला भाजपा पार्षद आशीष ताम्रकार अब भी पुलिस पकड़ से बाहर है. इसकी वजह से पत्रकार पुलिस प्रशासन से नाराज हैं. पुलिस पर दो तरफा दबाव बना हुआ है. एक तरफ पत्रकार हमलावर की गिरफ्तारी के लिए सात दिन का समय दे रखे हैं तो दूसरी तरफ सत्ता पक्ष से जुड़े लोग पार्षद के पक्ष में लामबंद हो रहे हैं. हालांकि पुलिस आरोपी के जल्द से जल्द गिरफ्तार होने की बात कही है, परन्तु अब तक आशीष पुलिस गिरफ्त से दूर है.
गौरतलब है कि पत्रकारों के अल्टीमेटम के छह दिन बीत चुके हैं. लेकिन पुलिस प्रवीण त्रिपाठी पर जानलेवा हमला करने के आरोपी आशीष ताम्रकार को खोज नहीं पाई है. दूसरी तरफ एसपी राहुल भगत ने आशीष का पक्ष लेकर मिलने पहुंचे महापौर महेंद्र चौहथा समेत तमाम पाषर्दों को बैरंग वापस लौटा दिया. आरोपियों की गिरफ्तारी व पार्टी से निष्कासन की मांग पत्रकार संघ कर रहा है, लेकिन अब तक न तो आरोपी पार्षद गिरफ्तार हो सका है और ना ही भाजपा के आलाकमान ने उसे निष्कासित किया है.






