भोपाल। माधवराव सप्रे स्मृति समाचार-पत्र संग्रहालय एवं शोध संस्थान भोपाल के 28 वें स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार को लाल बलदेव सिंह राष्ट्रीय पत्रकारिता पुरस्कार पत्रिका समूह के डिप्टी एडीटर भुवनेश जैन को धारदार पत्रकारिता के लिए मिला। राज्यपाल रामनरेश यादव द्वारा दिए गए पुरस्कार को उनकी अनुपस्थिति में पत्रिका भोपाल के स्थानीय संपादक हरीश मलिक ने ग्रहण किया।
राज्यपाल ने इस दौरान कहा कि पत्र, पत्रिका और पत्रकार, ये तीनों ही समाज को नई दिशा दे सकते है। इसलिए पत्रकारों को लेखनी के शब्दों और विचारों के आधार पर देश को नई दिशा दिखानी होगी। उन्होंने कहा कि सप्रे संग्रहालय पुराने जमाने के पत्र-पत्रिकाओं के समकालीन इतिहास के सूत्र और साक्ष्य दर्ज करने वाला देश का एकमात्र संग्रहालय बन चुका है। इसे शीर्ष स्तर पर पहुंचाने के लिए 'पद्मश्री' से सम्मानित संग्रहालय के अध्यक्ष विजयदत्त श्रीधर को बधाई दी। राज्यपाल ने इस दौरान माधवराव सप्रे राष्ट्रीय पुरस्कार प्रकाश दुबे को सुसम्पादन और रचनात्मक लेखन तथा पहला महेश गुप्ता पुरस्कार डा. राधेश्याम शुक्ल को दक्षिण भारत के अहिंदी भाषी क्षेत्र में उत्कृष्ट समाचार सम्पादन के लिए दिया। राज्यपाल ने सप्रे संस्थान के कॉन्फ्रेंस हॉल व पुस्तकालय उन्नयन कार्यों का शुभारंभ किया। साभार : पत्रिका





