: बरेली में कंपनी को चूना लगा रहे हैं कुछ पत्रकार : जब से हिन्दुस्तान ने पहले पेज पर खबर छपने पर रिपोर्टर को इनाम देने की स्कीम शुरू की है, तभी से बरेली हिन्दुस्तान में लूट मच गई है। सेटिंगबाज पत्रकार जमकर चांदी काट रहे हैं। हालत यह हो चुकी है कि दूसरे अखबारों में छपी पुरानी खबरों को भी कुछ दिनों के बाद अपने अखबार में हिन्दुस्तान ब्रेकिंग न्यूज बताकर पहले पेज पर छापा जा रहा है ताकि इनाम के ढाई या पांच सौ मिल सकें।
बताते हैं कि इस काम में एक वरिष्ठ पत्रकार की सेवा भी करनी पड़ती है, जिन लोगों ने सेटिंग कर ली है उनकी तो पौ बारह हो गई है। एक हफ्ते में उनकी कई खबरें पेज वन पर छपती हैं। नमूने के तौर पर पंजाब केसरी में पहली अप्रैल को 'सेना में ग्रुप सी और डी की भर्ती में फर्जीवाड़ा' शीर्षक से छपे समाचार को एक सीनियर रिपोर्टर ने हिन्दुस्तान में 14 अप्रैल को पेज एक पर शीर्षक -'सेना में अफसरो ने चहेतों को बांटी नौकरियां' से हिन्दुस्तान ब्रेकिंग न्यूज करके खबर छापी। इससे ठीक एक दिन पहले यानी 13 अप्रैल को पहले पेज पर शीर्षक -'भारतीय सेना के कई ठिकानों के आसपास संदिग्ध हलचल।' रुटीन बैठक की खबर को पहले पेज पर छपवाकर कंपनी की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश की गई। ऐसी तमाम गोलमान प्रबंधन के चहेते पत्रकार कर रहे हैं। अब देखना यह है कि कंपनी का एचआर ऐसी पुरानी छपी छपाई व रूटीन वाली खबरों को इनाम देता है या फिर कंपनी चूना लगाने वाले गठबंधन पर कार्रवाई करता है।
एक पत्रकार द्वारा भेजे गए पत्र पर आधारित.





