कराची : पाकिस्तान के कराची शहर में एक प्रमुख मीडिया संस्थान के कार्यालय में चार सशस्त्र बंदूकधारियों के अंधाधुंध गोलीबारी करने से दो लोग घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने कम से कम 22 गोलियां चलायीं। घायल सुरक्षाकर्मी और महिला को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हेलमेट पहने चार मोटरसाइकिल सवारों ने कराची में एक्सप्रेस मीडिया ग्रुप के मुख्य कार्यालय में हमला किया। उनमें से दो हमलावर मोटरसाइकिल से उतरे और अंधाधुंध गोलीबारी करने लगे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी में एक महिला और एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गये। हमलावरों ने कम से कम 20 से 22 गोलियां चलायीं। प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने एक्सप्रेस मीडिया ग्रुप पर हुए हमले को लेकर तत्काल रिपोर्ट देने के लिए कहा है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ्य होने की भी कामना की। मीडिया ग्रुप के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह हमला कर्मचारियों में भय और तनाव की भावना उत्पन्न करने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि हम इस पूरे मामले की जांच की मांग करते हैं। हमें यह भी जानना है कि पुलिस घटना के 40 मिनट बाद कैसे पहुंची। (एजेंसी)






