भुवनेश्वर। जर्मनी की एक महिला पत्रकार को कंधमाल जिले के लांजीगढ़ जनजातीय इलाके में जाने से रोक दिया गया है, क्योंकि नक्सली क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी ऑपरेश ग्रीन हंट के विरोध में शुक्रवार से विरोध सप्ताह मना रहे हैं। नई दिल्ली में जर्मन रेडियो नेटवर्क की दक्षिण एशिया की संवाददाता सैंड्रा पीटर्समैन अपने भारतीय सहयोगी अनूप सक्सेना के साथ एक रपट तैयार करने के लिए भवानीपटना जिले में गई थीं।
जिले की पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने कहा कि उन्होंने सैंड्रा के लिए एक परामर्श जारी किया है कि वह इस इलाके में न जाएं। सिंह ने आईएएनएस से कहा, "यह मात्र एक सलाह भर है। मैंने उनसे कहा कि यदि वह इलाके का दौरा करना चाहती हैं तो कर सकती है लेकिन अपनी जिम्मेदारी पर।" उन्होंने कहा कि पुलिस ने सक्सेना को इलाके में जाने से नहीं रोका है, क्योंकि वह भारतीय नागरिक हैं। सैंड्रा ने इस कदम का विरोध करते हुए कहा कि यह मीडिया पर नियंत्रण करने की कोशिश है। गौरतलब है कि बीते मार्च में नक्सलवादियों द्वारा इटली के दो नागरिकों का अपहरण किए जाने के बाद पुलिस इस इलाके में विदेशियों को जाने के लिए हतोत्साहित कर रही है। (मेरी खबर)





