बिहार के औरंगाबाद जिले में देव थाना अंतर्गत कंचनपुर गांव में नक्सलियों के वारदात का समाचार संकलन करने गये एक स्थानीय पत्रकार की माओवादियों द्वारा गंभीर पिटाई के बाद पुलिस ने पत्रकारों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है. अपर पुलिस अधीक्षक प्रणव कुमार प्रवीण ने कहा कि पत्रकारों को पुलिस हर संभव सुरक्षा देगी. पुलिस पत्रकारों के साथ है. आम जनता से पुलिस को हमेशा सहयोग मिलता रहा है और आगे भी यह सहयोग जारी रहेगा.
श्रमजीवी पत्रकार संघ, औरंगाबाद की ओर से बताया गया है कि नक्सलियों की पिटाई में शुक्रवार को स्थानीय पत्रकार उपेंद्र चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गये थे. उनकी हाथ की हड्डी टूट गयी है. इसके बाद चौरसिया को पटना मेडिकल कालेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है. देव में गुरुवार रात को नक्सलियों ने गोलीबारी कर एक ग्रामीण की हत्या कर दी थी. पत्रकारों ने शनिवार को एक बैठक कर नक्सली संगठनों के समाचार के बहिष्कार का प्रस्ताव पारित किया. (आजतक)






