आर्थिक अपराध अनुसन्धान संगठन (ईओडब्ल्यू) ने कुंवर फ़तेह बहादुर, पूर्व प्रमुख सचिव, गृह और आरएन सिंह, पूर्व एडीजी, ईओडब्ल्यू के विरुद्ध सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. नूतन ठाकुर द्वारा की गई एक शिकायत का संज्ञान लिया है. इस सम्बन्ध में प्रारंभिक जांच ईओडब्ल्यू के अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र बहादुर द्वारा की जा रही है.
यह परिवाद दो आपराधिक मुकदमों में जानबूझ कर सोची-समझी साजिश के तहत पूर्व में नियमानुसार किये गए समस्त विवेचनाओं को एक सिरे से दरकिनार करते हुए उन अभियुक्तों की गलत ढंग से मदद पहुंचाये जाने सम्बंधित है, जिन्हें इससे पूर्व स्वयं ईओडब्ल्यू विभाग ही लगातार मुल्जिम बता रहा था.
इनमें पहला प्रकरण श्री एसिड एंड केमिकल्स लि०, गजरौला से सम्बंधित है जो इस कंपनी के डाइरेक्टरों द्वारा फर्जी प्रविष्टियों के आधार पर करीब 32.61 लाख रुपये की सब्सिडी हड़पने के बारे में है. दूसरे मामले में अमरोहा ट्रेडफिन लि० कंपनी, जे पी नगर के डाइरेक्टरों द्वारा लुभावने वायदे कर रु 45.99 लाख गबन करने का आरोप है.
डॉ. ठाकुर के अनुसार इन दोनों मामलों में ईओडब्ल्यू ने कई बार आरोप पत्र भेजा था पर गृह विभाग ने उसे दबाये रखा और बाद में आरएन सिंह की मदद से अंतिम रिपोर्ट लगवा लिया. उन्होंने लोकायुक्त से इनकी जांच कराने की मांग की थी जिस पर लोकायुक्त ने राज्य सरकार को कार्रवाई करने के निर्देश दिये थे. अब यह जांच ईओडब्ल्यू के ही एक कनिष्ठ अधिकारी द्वारा की जा रही है.







