चुनाव आयोग ने पेड न्यूज की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में इस समस्या से निपटने के लिए कदम उठाए जाएंगे. दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय देव ने कहा कि इस बार पेड न्यूज उन मुद्दों में से एक है जिन पर चुनाव आयोग ध्यान दे रहा है. देव ने कहा कि हम इस संबंध में मीडिया के लोगों से बातचीत करेंगे. उन्होंने कहा कि पेड न्यूज में शामिल मीडिया के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.
देव ने कहा कि हमने पहले ही राजनीतिक दलों को अवगत करा दिया है. मीडिया के लिए अलग से कार्यशाला आयोजित करायी जाएगी. उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मीडिया कमिटी (एमसीएमसी) गठित की जाएगी और हमारे स्तर पर अपीलीय मंच बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि आयोग पेड न्यूज में शामिल रहने वालों के खिलाफ कार्रवाई में नहीं हिचकेगा.






