जालौन से नवजीत सिंह के पक्ष में नीलेंद्र प्रताप सिंह ने भड़ास के पास एक मेल भेजी है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि साधना न्यूज यूपी के हेड गोविंद पंत राजू के चलते स्ट्रिंगरों की हालत खराब हो गई है. नीलेंद्र का आरोप है कि नवजीत चुनाव से पहले साधना न्यूज के लिए जालौन से काम कर रहे थे, परन्तु हेड बनने के बाद गोविंद पंत राजू ने उनकी जगह विजय त्रिवेदी को जालौन का स्ट्रिंगर बना दिया. नीलेंद्र का आरोप है कि इसके लिए विजय से पैसे भी वसूले गए. इसी तरह पूरे बुंदेलखंड में दो या तीन महीनों में स्ट्रिंगरों को बदल दिया गया.
उनका कहना है कि ऐसे ही आरोप में पंकज वर्मा को भी चैनल से बाहर किया गया था. झांसी में काम कर रहे पंकज की जगह मुमताज को रखा गया, ललितपुर में नीतिन की जगह शैलेंद्र जैन को पैसे लेकर रखा गया. अब पंकज वर्मा वाला काम फिर से चालू हो गया है. इसमें लखनऊ के अनुराग शुक्ला मध्यस्थ की भूमिका निभाते हैं. हालांकि जब अनुराग से इन आरोपों के संदर्भ में बात करने के लिए उनके मोबाइल पर फोन किया गया तो वो स्वीच ऑफ बताता रहा.
इन्हीं आरोपों पर जब साधना न्यूज के यूपी हेड व वरिष्ठ पत्रकार गोविंद पंत राजू से बात की गई तो सवाल सुनते ही उन्होंने कहा कि अगर इस तरह के आरोप साबित हो जाएं तो मैं पत्रकारिता छोड़ दूंगा. उन्होंने आगे बताया कि नवजीत को तो कभी रखा ही नहीं गया था. ना तो मेरे आने से पहले और ना ही मेरे आने के बाद. वो मुझसे मिलने जरूर आया था, पर पहले ही लुक में मुझे वो ठीक नहीं लगा तो मैंने इनकार कर दिया. राजू ने खुद पर लगे आरोपों को शाकिंग बताया.





