मिर्जापुर जिले के पड़री से खबर है कि एक प्रधानाध्यापिका से मारपीट करने की शिकायत पर पुलिस ने राष्ट्रीय सहारा के एक संवाददाता को गिरफ्तार किया है जबकि आरोपी ग्राम प्रधान भाग निकाला. जानकारी के अनुसार बेलवन ग्राम निवासी राष्ट्रीय सहारा के पत्रकार अवनीश कुमार उर्फ सुरेंद्र कुमार पांडेय ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार उर्फ चिंटू पांडेय के साथ प्राथमिक विद्यालय चंडिका पहुंचे तथा प्रधानाध्यापिका सोनी गुप्ता से एमडीएम और अन्य जानकारियां लेने लगे.
प्रधानाध्यापिका का आरोप है कि कोई गड़बड़ी न मिलने पर ये लोग प्रधानाध्यापिका से उलझ गए. इसी बीच प्रधानाध्यापिका का पति गोपाल गुप्ता भी स्कूल पर आ पहुंचे. इन दोनों लोगों ने उसके साथ मारपीट की. प्रधानाध्यापिका ने अपने साथ छेड़खानी तथा पति के साथ मारपीट की शिकायत पड़री थाने में की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर पत्रकार को अरेस्ट कर लिया, जबकि ग्राम प्रधान भाग निकला. बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय सहारा के ब्यूरोचीफ ने पत्रकार को छुड़ाने की बहुत कोशिश की परन्तु सफलता नहीं मिल पाई. बताया जा रहा है कि पत्रकार पर इसके पहले भी एक किशोरी के अपहरण तथा बलात्कार का आरोप लग चुका है.






