: आनंद मोहन प्रभात खबर के नए ब्यूरोचीफ : दैनिक भास्कर ने मुकेश चौहान को कार्यमुक्त किया : झारखंड से कई सूचनाएं हैं. शुरुआत करते हैं प्रभात खबर, रांची से. प्रभात खबर से अजय कुमार ने इस्तीफा दे दिया है. वे यहां ब्यूरोचीफ के पद पर कार्यरत थे. अजय ने अपनी नई पारी हिंदुस्तान के साथ रांची में ही शुरू की है. बताया जा रहा है कि वे बेहतर पद और सेलरी पर हिंदुस्तान गए हैं. खबर है कि रांची के जाने-माने क्राइम रिपोर्टर सुरजीत सिंह ने इस्तीफा दे दिया है. वे अपनी नई पारी कहां से शुरू करने जा रहे हैं इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है.
बताया जा रहा है कि अजय कुमार के हिंदुस्तान जाने के बाद ब्यूरोचीफ का पद हिंदुस्तान से आए आनंद मोहन को सौंप दिया गया, जो उनसे वरिष्ठ सुरजीत सिंह को नागवार लगा. बताया जा रहा है इसके चलते ही उन्होंने संस्थान को अलविदा कहा है. सुरजीत की झारखंड की क्राइम रिपोर्टिंग में अलग पहचान है.
दैनिक भास्कर, रामगढ़ से खबर है कि ब्यूरोचीफ मुकेश चौहान को कार्यमुक्त कर दिया गया है. मुकेश पर कुछ आरोप लगे थे, जिसके बाद प्रबंधन ने यह कार्रवाई की है. बताया जा रहा है कि इसी मामले में हिंदुस्तान, रामगढ़ के ब्यूरोचीफ योगेंद्र सिन्हा का नाम भी आया था, पर हिंदुस्तान प्रबंधन ने कोई संज्ञान नहीं लिया लेकिन भास्कर ने अपने ब्यूरोचीफ को कार्यमुक्त कर दिया. वे अपनी नई पारी कहां से शुरू करेंगे, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है.






