कोलकाता: बांग्ला फिल्मों के प्रसिद्ध निर्देशक ऋतुपर्णो घोष का गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे कोलकाता में हार्ट अटैक से निधन हो गया। कुल 12 नेशनल अवॉर्ड जीत चुके ऋतुपर्णो घोष की उम्र महज 49 वर्ष की थी। पिछले साल उन्हें 'अबोहोमन' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल हुआ था। उन्होंने 1992 से फिल्मी पारी की शुरुआत की थी और 'हीरेर आंग्ती' नामक बांग्ला बाल फिल्म बनाई थी।
हिन्दी के दर्शक उन्हें अजय देवगन और ऐश्वर्या राय अभिनीत 'रेनकोट' के लिए जानते हैं। ऐश्वर्या राय के साथ उनकी फिल्में चोखेर बाली (2003) काफी चर्चित रही थीं। नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स विजेता घोष को फिल्म निर्माण की सीख घर से ही मिली थी। उनके पिता डॉक्युमेंट्री फिल्म मेकर थे। घोष ने करियर की शुरुआत बच्चों के लिए फिल्म बनाने के साथ की।






