ब्रिटेन में एक प्राइवेट जासूस का कहना है कि न्यूज़ ऑफ द वर्ल्ड अख़ाबर ने उन्हें प्रिंस विलियम समेत सौ से अधिक लोगों का पीछा करने के लिए पैसे दिए थे. प्राइवेट जांचकर्ता डेरेक वेब ने बताया कि अखबार प्रिंस विलियम के अलावा इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी गैरी लिनेकर और हैरी पॉटर फ़िल्मों के अभिनेता डैनियल रैडक्लिफ के माता पिता के बारे में जानकारी इकट्ठा करना चाहता था.
डेरेक वेब पूर्व में पुलिस अधिकारी रह चुके हैं और उन्हें ब्रितानी खुफ़िया एजेंसी एमआई-5 से लोगों पर नज़र रखने की विशेष ट्रेनिंग भी मिली है. वेब ने बताया कि उन्होंने अख़बार के लिए क़रीब आठ साल काम किया और जुलाई में अख़बार के बंद होने तक वो अख़बार से जुड़े रहे थे. अखबार ने वेब से हैकिंग पीड़ितों के वकीलों की जासूसी करवाई थी. वेब ने फोन हैकिंग की पीड़ित मिली डॉउलर के वकील मार्क लेविस का चोरी छिपे वीडियो बनाया था.
सूत्रों के अनुसार, इस जासूसी को इसलिये अंजाम दिया गया था ताकि यह साबित किया जा सके कि लेविस के एक अन्य वकील शारलोट हैरिस के साथ संबंध थे जो खुद भी हैकिंग पीड़ितों के लिये लड़ रहीं थीं. यह निगरानी पिछले साल की गई थी. जासूसी का यह आरोप हैकिंग स्कैंडल में नया मोड़ है. डेरेक वेब ने भी यह बताया है कि टैबलॉयड ने उन्हें इस काम के लिये भुगतान के एवज में नियुक्त किया था.
फोन हैंकिंग स्कैंडल में अखबार का नाम आने के बाद मालिक रुपर्ट मर्डोक ने इस अखबार को बंद कर दिया था. वेब ने ये जानकारियां ऐसे समय में दी हैं जब न्यूज़ इंटरनेशनल के प्रमुख और रुपर्ट मर्डोक के पुत्र जेम्स मर्डोक से दूसरी बार ब्रिटेन के सांसद दो दिन बाद पूछताछ करने वाले हैं.






